Current Affair 6th January 2019

ओडिशा के कृषि मंत्री प्रदीप महारथी ने दिया इस्तीफा
पिपली सामूहिक दुष्कर्म मामले में कोर्ट के फैसला आने के बाद विवादित टिप्पणी देकर विरोधी दलों के निशाने पर रहने वाले ओडिशा के कृषि एवं पंचायतीराज मंत्री प्रदीप महारथी ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। प्रदीप महारथी ने सामूहिक बलात्कार और हत्या मामले के आरोपियों के बरी होने पर बयान दिया था, जिसे लेकर विवाद शुरू हो गया था। पिपली सामूहिक दुष्कर्म मामले में जिन आरोपियों को बरी किया गया था, उनके समर्थन में कृषि मंत्री प्रदीप महारथी ने कहा था कि मैं अदालत के फैसले का स्वागत करता हूं। यह सच्चाई की जीत है।
अंडमान निकोबार में पाबुक तूफान की चेतावनी
थाईलैंड की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान पाबुक ने अपनी दिशा बदल दी है। अब यह पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ बढ़ चुका है। मौसम विभाग ने इस बात की आशंका जताई है कि यह तूफान 5 जनवरी को अंडमान सागर में पहुंच जाएगा। अंडमान सागर में पहुंचते ही तूफान अपनी दिशा बदलेगा और अंडमान द्वीप समूह की तरफ रुख कर लेगा। चक्रवाती तूफान के खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने अंडमान दीप समूह के लिए ‘यलो वॉर्निंग’ जारी कर दी है।
यलो अलर्ट किसी भी खराब मौसम में आगामी दिक्कतों को लेकर सचेत करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। येलो अलर्ट में लोगों को आगे के लिए सचेत किया जाता है और बताया जाता है कि कोई भी दिक्कत आ सकती है।
आदर्श स्टेशन योजना के तहत 1065 स्टेशनों का उन्नयन
वर्ष 2009-10 में प्रारंभ ‘आदर्श स्टेशन’ योजना के तहत रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण की दिशा में अब तक 1065 स्टेशनों का उन्नयन किया गया है। सबसे अधिक पश्चिम बंगाल के 384 और सबसे कम नागालैंड के एक स्टेशन को शामिल किया गया है।
टाइम कैप्सूल 100 वर्षों के लिए जमीन में दफन
106वें भारतीय विज्ञान कांग्रेस के दूसरे दिन यहां लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में 10 फुट की गहराई में एक टाइम कैप्सूल को गाड़ा गया है, जिसे 100 साल बाद निकाला जाएगा और 22वीं सदी के लोग देख सकेंगे कि आज के जमाने में किस तरह के सामान, गैजेट और उपकरण इस्तेमाल किए जाते थे। दो नोबेल पुरस्कार विजेताओं डंकेन हालडेन (भौतिकी) और एवराम हर्शको (रसायन विज्ञान) ने बटन दबाकर इस कैप्सूल को जमीन के अंदर दफन किया। वहां लगी शिला पट्टिका पर लिखा गया है कि इसे 03 जनवरी 2119 को निकाला जाएगा। इस कैप्सूल में 100 सामान रखे गए हैं। इनमें लैपटॉप, स्मार्टफोन, ड्रोन, वर्चुअल रियलिटी वाले चश्मे, अमेजन एलेक्सा, एयर फिल्टर, इंडक्शन कुक टॉप, एयर फ्रायर, सीएफएल, टेप रिकॉर्डर, ट्रांजिस्टर, सोलर पैनल, हार्ड डिस्क आदि हैं।
श्री छबीलेंद्र राउल होंगे उर्वरक विभाग के सचिव
श्री छबीलेन्द्र राउल ने उर्वरक विभाग, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय, भारत सरकार में सचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया है। उन्होंने 31.12.2018 को सेवानिवृत्त श्रीमती भारती एस. सिहाग, आईएएस (एचपी:83) का स्थान लिया है। श्री राउल भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1985 बैच के पंजाब कैडर के हैं।
फ्रांस के नौसेना प्रमुख एडीएम क्रिस्टोफ प्राजुक का भारत दौरा
फ्रांस की नौसेना के नौसेना प्रमुख एडीएम क्रिस्टोफ प्राजुक रायसीना संवाद (08-09 जनवरी 2019) के संयोजन में भारत का दौरा कर रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और फ्रांस के बीच द्विपक्षीय नौसैनिक संबंधों को मजबूत करना है, साथ ही, आपसी नौसैनिक सहयोग के लिए नए रास्ते तलाशना भी है। अपनी यात्रा के दौरान फ्रांस के नौसेना प्रमुख भारतीय नौसेना के सेनाध्यक्ष, सीओएससी के अध्यक्ष एडमिरल सुनील लांबा और नौसेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। बैठक के दौरान समुद्री संचालन, प्रशिक्षण, लॉजिस्टिक और रखरखाव सहित दोनों नौसेनाओं के आपसी हितों के मुद्दों की एक श्रृंखला पर चर्चा की जाएगी।
नार्वे की प्रधानमंत्री भारत के दौरे पर
नार्वे की प्रधानमंत्री इरना सोलबर्ग तीन दिनों की यात्रा नई दिल्ली पहुंची। अपनी यात्रा के दौरान वे भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कई मुद्दों पर बातचीत करेंगी। इरना सोलबर्ग भू-आर्थिकी और भू-राजनीति विषयों पर आयोजित ‘रायसीना डायलॉग’ में उद्घाटन भाषण देंगी तथा भारत-नॉर्वे व्यावसायिक शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगी। ‘रायसीना डायलॉग’ नयी दिल्ली में आयोजित होने वाला वार्षिक कार्यक्रम है जिसका आयोजन विदेश मंत्रालय स्वतंत्र थिंक टैंक ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन के साथ मिलकर करता है।
साल का पहला सूर्यग्रहण
साल का पहला सूर्यग्रहण भारतीय समयानुसार रविवार को सुबह करीब 5 बजे से लगा। हालांकि यह भारत में नजर नहीं आया। लगभग 3 घंटे 18 मिनट का यह आंशिक सूर्यग्रहण सुबह 9.18 बजे तक रहा। यह ग्रहण चीन, मंगोलिया, जापान, रूस और अलास्का के कुछ हिस्सों में दिखा। भारत में यह दिखाई नहीं दिया। इस वर्ष की गणना के अनुसार 2019 में कुल पांच ग्रहण होने वाले हैं। इनमें से तीन सूर्य ग्रहण हैं और दो चंद्र ग्रहण हैं। भारत में केवल दो ही ग्रहण दिखाई देंगे। खगोलशास्त्रियों के मुताबिक यह सूर्य ग्रहण चीन, जापान, कोरिया और रूस में दिखाई दिया। 2019 में 5 ग्रहण लगेंगे जिनमें पहला 6 जनवरी को लगा। दूसरा सूर्य ग्रहण 02 जुलाई 2019 को लगेगा यह पूर्ण ग्रहण होगा लेकिन यह भी भारत में नहीं दिखेगा। तीसरा सूर्य ग्रहण जो 26 दिसंबर को लगेगा, वह भारत में दृश्य होगा।
पंजाब में तीन क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों का विलय
पंजाब एंड सिंध बैंक की ओर से सेबी को दी गई जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार ने पंजाब ग्रामीण बैंक, मालवा ग्रामीण बैंक और सतलुज ग्रामीण बैंक के विलय को मंजूरी दी है। केंद्र सरकार ने विलय की यह मंजूरी इन बैंकों के स्पॉन्सर बैंकों की सलाह के बाद दी है। पंजाब एंड सिंध बैंक के अनुसार, केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद नया क्षेत्रीय बैंक 1 जनवरी 2019 से अस्तित्व में आ गया है।
‘आप’ के सुखपाल खैहरा का पार्टी से इस्तीफा
आम आदमी पार्टी से बागी हो चुके सुखपाल सिंह खैहरा ने रविवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि इससे पहले पार्टी की कोर कमेटी ने 3 नवंबर को खैहरा को सस्पेंड कर दिया था। बीते दिनों एडवाकेट हरविंदर सिंह फूलका इस्तीफा दे चुके हैं।
सुनील छेत्री ने तोड़ा लियोनेल मेसी का रिकॉर्ड
भारत के स्टार फुटबॉलर सुनील छेत्री ने रविवार को थाईलैंड के खिलाफ दो गोल किए. इसके साथ ही वे 67 गोल के साथ मेसी (65गोल) से आगे निकल गए। उनके इन दो गोल की बदौलत भारत ने एएफसी एशियन कप में 32 साल बाद पहली जीत दर्ज की। उसने थाईलैंड को 4-1 से हराया।
Leave a Reply