Current Affair 8th March 2019
श्रीमती मेनका गांधी ने वेब वंडर वुमेन का अभिनंदन किया
महिला और बाल विकास मंत्रालय द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से सामाजिक सुधारों को प्रेरित करने वाली महिलाओं की असाधारण उपब्धियों को मनाने के लिए आयोजित अभियान वेब वंडर वुमेन का अभिनंदन करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया। नई दिल्ली में महिला और बाल विकास मंत्री श्रीमती मेनका संजय गांधी ने व्यापक अनुसंधान प्रक्रिया के बाद चयनित 30 महिलाओं सम्मानित किया। ट्विटर इंडिया तथा ब्रेकथ्रू इंडिया के सहयोग से आयोजित इस समारोह का उद्देश्य विश्व की उन भारतीय महिला हस्तियों की दृढ़ता और साहस को मान्यता देना है जिन्होंने समाज में परिवर्तन के लिए सार्थक अभियान चलाने में सोशल मीडिया की शक्ति का उपयोग किया है।
श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान के बीच सहमति पत्र पर हस्ताक्षर
नई दिल्ली में कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री श्री अनंत कुमार हेगड़े की मौजूदगी में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) और राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (एनआईटीटीटीआर) ने एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह एमओयू तीन वर्षों की अवधि के लिए किया गया है। इस गठबंधन के तहत विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के लिए संकाय, विशेषज्ञों और उद्योग साझेदारों की उद्देश्यपूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करने पर ध्यान केन्द्रित किया गया है। गठबंधन का उद्देश्य तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान से जुड़े विजन एवं मिशन के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करना है। इसके लिए दोनों ही संगठन आवश्यक कार्यान्वयन के साथ-साथ सहायक सेवाओं को बढ़ावा देंगे, जिसके तहत विभिन्न क्षमता निर्माण सेवाओं एवं संसाधनों की पेशकश की जाएगी। दोनों ही संगठन उच्च मानक सुनिश्चित करने के लिए आपसी सहमति एवं गठबंधन के साथ आपस में मिल-जुलकर काम करेंगे। इससे गुणवत्ता की संयुक्त प्रतिष्ठा सुनिश्चित होगी और इसके साथ ही अत्यंत प्रभावशाली ढंग से विभिन्न सेवाएं मुहैया कराई जा सकेंगी।
सीएपीएफ, दिल्ली पुलिस और केंद्रीय पुलिस संगठनों (सीपीओ) की आवासीय परियोजनाओं का उद्घाटन
केंद्रीय गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने सीएपीएफ, दिल्ली पुलिस और केंद्रीय पुलिस संगठनों (सीपीओ) की 1895 करोड़ रुपये से अधिक लागत से निर्मित 5283 आवास इकाइयों, 71 गैर-आवासीय भवनों और 34 बैरकों के निर्माण को शामिल करने वाली 28 परियोजनाओं का उदघाटन किया। उन्होंने एलपीएआई की 3 परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी।
गूगल ने लॉन्च किया ‘बोलो’ एप
प्राइमरी स्कूल के बच्चों को हिंदी और इंग्लिश सीखने में सहायता के उद्देश्य से गूगल ने ‘बोलो’ एप लांच किया है। गूगल ने यह एप सबसे पहले भारत में लॉन्च किया है। यह एप स्पीच रेकग्ननिशन और टेक्स्ट-टु-स्पीच टेक्नोलॉजी पर काम करता है। गूगल का यह एप पूरी तरह से ऐड फ्री होगा। यह एप ऐंड्रॉयड 4.4 (किटकैट) और इसके बाद के वर्जन वाले सारे डिवाइस पर चल सकता है।
तृणमूल कांग्रेस ने जारी किया पार्टी का नया लोगो
तृणमूल कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पार्टी का नया लोगो जारी कर दिया है। नीले व सफेद रंग की छटा को समाहित करते हुए नया लोगो पार्टी प्रमुख व सीएम ममता बनर्जी की मस्तिष्क की उपज है जिसे उनके सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी और उनकी टीम ने नया रंग रूप देने का काम किया है। पहले के लोगो की तरह नए लोगो में जोड़ा घास फूल के साथ राष्ट्रीय ध्वज के सभी रंग को शामिल किया गया है लेकिन टैग लाइन और रंग रूप में बदलाव किया गया है।
पी.वी. रमेश राष्ट्रीय अभिलेखागार के महानिदेशक बने
ग्रामीण विद्युतीकरण निगम के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर पी वी रमेश को राष्ट्रीय अभिलेखागार का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
कृषि अर्थशास्त्री रमेश चंद संयुक्त राष्ट्र इकाई खाद्य एवं कृषि संगठन प्रमुख के लिए नामित
भारत ने कृषि अर्थशास्त्री रमेश चंद को संयुक्त राष्ट्र इकाई खाद्य एवं कृषि संगठन की अगुवाई के लिए नामित किया है। रमेश चंद नीति आयोग के सदस्य हैं। एफएओ के नये महानिदेशक का कार्यकाल चार साल का होगा।
काइली जेनर बनी दुनिया की सबसे कम उम्र की अरबपति
काइली जेनर दुनिया की सबसे कम उम्र की सेल्फ-मेड अरबपति बन गई हैं। वेबसाइट ‘बीबीसी डॉट कॉम’ के मुताबिक, 21 वर्षीय रिऐलिटी टीवी स्टार काइली कॉस्मेटिक्स की संस्थापक हैं। काइली से पहले ये खिताब फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग के पास था। मार्क 23 साल की उम्र में सबसे कम उम्र के अरबपति बन गए थे।
दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण की परियोजना को मंजूरी
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण की परियोजना को स्वीकृति दी है। इसमें 3 कॉरिडोर होंगे। इन तीनों कॉरिडोर की लम्बाई 61.679 किलोमीटर है। इन कॉरिडोर में 46 स्टेशन होंगे। इनमें 29 स्टेशन एलिवेटिड और शेष 17 स्टेशन भूमिगत होंगे।
दृष्टि बाधित लोगों के अनुकूल सिक्कों की नई श्रृंखला जारी
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में दृष्टि बाधित लोगों के अनुकूल एक रुपए, दो रुपए, पांच रुपए, दस रुपए और बीस रुपए मूल्य के सिक्कों की नई श्रृंखलाओं को जारी किया। नई श्रृंखलाओं के सिक्कों में कई नई विशेषताएं शामिल की गई हैं, ताकि दृष्टि बाधित लोगों के उपयोग के लिए आसान हो। सिक्कों के आकार और भार कम से अधिक मूल्य के सिक्कों के अनुसार हैं। बीस रुपये मूल्य का नया सिक्का 12 दिशाओं का होगा और इसमें किसी तरह का नुकीला कटाव नहीं होगा। शेष मूल्य के सिक्के गोल आकार के होंगे।
Leave a Reply