Current Affair 25th June 2019
डीजीएफटी के मुंबई कार्यालय में कॉल सेंटर का उद्घाटन
निर्यातकों और आयातकों के सवालों/पूछताछ/शंकाओं के निराकरण के लिए विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) के मुंबई कार्यालय में एक कॉल सेंटर स्थापित किया गया है। विदेश व्यापार नीति और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार से संबंधित सामान्य सूचनाओं के बारे में भी यहां पूछा जा सकता है। इस कॉल सेंटर से संपर्क करने के लिए सभी कार्य दिवसों पर प्रातः 10 बजे से लेकर सायं 5.30 बजे तक 022-20820961, 022-20820962, 022-20820963 और 022-20820927 पर कॉल कर सकते हैं।
भारतीय तटरक्षक बल खोलेगा उत्तराखंड में 5वां भर्ती केंद्र
उत्तराखंड में भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) का पांचवां भर्ती केंद्र खोला जाएगा। 28 जून, 2019 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत इस भर्ती केंद्र की आधारशिला रखेंगे। भर्ती केंद्र की स्थापना कॉनवाला (हरड़वाला), देहरादून में की जाएगी। नोएडा, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता के बाद उत्तराखंड में भारतीय तटरक्षक बल का यह पांचवां भर्ती केंद्र होगा।
प्रकाशन विभाग ‘गीत रामायण’ का हिंदी रूपांतरण लाएगा
प्रकाशन विभाग श्री दत्त प्रसाद जोग के ‘गीत रामायण’ का हिंदी रूपांतरण लेकर आएगा। यह महाकाव्य रामायण की घटनाओं का क्रमवार वर्णन करने वाले 56 मराठी गीतों का संग्रह है। इसका प्रसारण वर्ष 1955-1956 में ऑल इंडिया रेडियो, पुणे द्वारा किया गया था। जी. डी. मडगुलकर द्वारा लिखित और सुधीर फड़के की संगीत रचना वाले इन गीतों को “मराठी सुगम संगीत का मील का पत्थर” और रामायण का “सबसे लोकप्रिय” मराठी संस्करण माना जाता है।
स्वच्छ महोत्सव 2019 का शुभारंभ
24 जून को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में स्वच्छ महोत्सव2019 का आयोजन किया गया। जल मंत्रालय के पेयजल और स्वच्छता विभाग द्वारा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है और 2 अक्टूबर, 2019 को महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर इसका समापन होगा। महोत्सव के दौरान राजधानी में स्वच्छ सुंदर शौचालय के विजेताओं को मंत्री महोदय द्वारा सम्मानित किया गया। स्वच्छ सुंदर शौचालय प्रतियोगिता का उद्देश्य घरों में शौचालय को बढ़ावा देकर शौचालयों का निरंतर उपयोग करना था। 1 जनवरी से 31 जनवरी, 2019 तक इस अभियान के तहत भारत के लोगों द्वारा 1.34 करोड़ से अधिक शौचालयों को पेंटिंग कर सजाया और संवारा गया। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों, जिलों और लोगों को सम्मानित किया गया। इस आयोजन के दौरान जल शक्ति मंत्री द्वारा स्वच्छ महोत्सव लोगो और एक पुस्तक का विमोचन भी किया गया। ‘शोकेसिंग स्वच्छ भारत मिशन: व्हेन प्रिंट मीडिया टोल्ड द स्वच्छ भारत स्टोरी’ नाम की पुस्तक का लोकार्पण किया गया। पुस्तक में स्वच्छ भारत मिशन 2014 की प्रमुख उपलब्धियों की मीडिया कवरेज का संकलन किया गया है।
आरबीआई के डिप्टी गवर्नर विरल आचार्य ने इस्तीफा दिया
भारतीय रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर विरल आचार्य ने अपना कार्यकाल पूरा होने से छह महीने पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वे मौद्रिक नीति विभाग के प्रमुख थे। आचार्य आरबीआई की फाइनेंशियल स्टेबिलिटी यूनिट, मॉनेटरी पॉलिसी डिपार्टमेंट, डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमिक एंड पॉलिसी रिसर्च, फाइनेंशियल मार्केट ऑपरेशन डिपार्टमेंट और फाइनेंशियल मार्केट रेग्युलेशन डिपार्टमेंट के इन्चार्ज भी थे। अब आरबीआई में तीन डिप्टी गवर्नर एन. एस. विश्वनाथन, बी. पी. कानूनगो और एम. के. जैन हैं। विरल आचार्य की नियुक्ति तीन साल के लिये हुई थी।
कारगिल युद्ध की 20वीं वर्षगांठ
24 जून को पूरे देश भर में आज कारगिल विजय दिवस की 20वीं वर्षगांठ मनाई गई। 24 जून 1999 के दिन भारतीय वायुसेना ने कारगिल युद्ध में लेज़र गाइडेड बम से टाइगर हिल पर पाकिस्तानी बंकरो पर अचूक निशाना लगाया। इस हमले ने न सिर्फ दुश्मनों के हौसलों को पस्त कर दिया बल्कि, भारतीय थल सेना को जीत की राह दिखा दी।
मथुरा में हाथियों के लिए जल चिकित्सालय खोला गया
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में हाथियों के लिए एक “जल चिकित्सालय” खोला गया है यमुना नदी के किनारे बनाए गए इस हाथी अस्पताल में बीमार हाथियों को हाइड्रोथेरेपी दी जाएगी। यह अस्पताल उत्तर प्रदेश वन विभाग और गैर सरकारी संगठन वन्यजीव SOS के सहयोग से चलाया जा रहा है। यह जंबो पूल है जो 11 फुट गहरा है और इसमें 21 उच्च दबाव जेट स्प्रे हैं जो पानी के दबाव को बनाते हैं यह हाथियों के पैरों और शरीर की मालिश करते हैं और रक्त परिसंचरण को बढ़ाने में मदद करते हैं।
अमीश त्रिपाठी बने लंदन स्थित नेहरू सेंटर के नए निदेशक
‘सीक्रेट ऑफ द नागा’ और ‘सिता- वॉरियर ऑफ मिथिला’ जैसी पुस्तकों के लेखक अमीश त्रिपाठी को लंदन स्थित नेहरू सेंटर का निदेशक बनाया गया है। यह केन्द्र भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के अधीन आता है। त्रिपाठी श्रीनिवास गोत्रु की जगह लेंगे।
सऊदी अरब एफएटीएफ सदस्यता पाने वाला पहला अरब देश बना
सऊदी अरब फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) की पूर्ण सदस्यता प्राप्त करने वाला पहला अरब देश बन गया है। समूह में स्थायी सदस्यों की संख्या 39 हो गई है।
फेडरर ने हाले ओपन जीता
स्विट्जरलैंड के टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर हाले ओपन चैंपियनशिप में बेल्जियम के डेविड गॉफिन को 7-6, 6-1 से हराकर 10वीं बार चैंपियन बन गए हैं। यह फेडरर का 102वां टूर टाइटल है। अब वे जिमी कोनर्स के सबसे ज्यादा 109 खिताब जीतने से 7 टाइटल दूर हैं।
Leave a Reply