Current Affair 23rd July 2019
जम्मू कश्मीर में ऊझ और बसंतर पुलों का उद्घाटन
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में एक किलोमीटर लम्बे ऊझ पुल और साम्बा जिले में 617.40 मीटर लम्बे बसंतर पुल का उद्घाटन किया। जिससे सुरक्षा बलों के सीमाई क्षेत्रों में आवागमन में सुविधा होगी। अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास इन पुलों का निर्माण पाकिस्तानी गोलीबारी और मानसून के समय खराब मौसम के बावजूद सम्पर्क परियोजना के तहत किया गया है।
13वें वैश्विक स्वास्थ्य सेवा शिखर सम्मेलन का उद्घाटन
उपराष्ट्रपति श्री एम वेंकैया नायडू ने हैदराबाद में भारतीय मूल के चिकित्सकों के अमरीकी संघ (एएपीआई) और भारतीय मूल के चिकित्सकों के वैश्विक संघ (जीएपीआईओ) द्वारा आयोजित 13वें वैश्विक स्वास्थ्य सेवा शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया।
11वीं रक्षा प्रदर्शनी का आयोजन लखनऊ में
रक्षा प्रदर्शनी भारत – 2020 के 11वें द्विवार्षिक संस्करण का आयोजन 05 से 08 फरवरी तक उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किया जाएगा। इसमें भारतीय रक्षा उद्योग को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने और अपनी निर्यात संभावनाओं को बढ़ाने का एक उत्कृष्ट अवसर मिलेगा। रक्षा प्रदर्शनी भारत – 2020 का मुख्य विषय “भारत : उभरता हुआ रक्षा निर्माण केन्द्र” है और इसमें रक्षा के डिजिटल परिवर्तन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दिल्ली सरकार ने स्कूलों में “हैप्पीनेस उत्सव” लांच किया
दिल्ली सरकार ने “प्रसन्नता पाठ्यक्रम” शुरू करने के एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर “हैप्पीनेस उत्सव” लांच किया है। ये उत्सव 16 जुलाई से शुरू हो गया है और 15 दिनों तक चलेगा।
चन्द्रयान-2 अंतरिक्षयान का सफल प्रक्षेपण
भारत के भूसमकालिक उपग्रह प्रक्षेपण यान (जीएसएलवी) एमकेIII-एम1 ने 3840 किलोग्राम भार वाले चन्द्रयान-2 अंतरिक्षयान को पृथ्वी की एक कक्षा में सफलतापूर्वक प्रक्षेपित कर दिया। जीएसएलवी एमकेIII-एम1 यान ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र एसएचएआर (एसडीएससी एसएचएआर) में दूसरे लॉन्च पैड से निर्धारित समय परभारतीय समय के अनुसार दो बजकर 43 मिनट पर अपनी दो एस200 सॉलिड स्ट्रैप-ऑन मोटरों के इग्निशन के साथ शानदार ढंग से उड़ान भरी। उड़ान भरने के लगभग 16 मिनट 14 सैकेंड के बाद यान ने चन्द्रयान-2 अंतरिक्ष यान को पृथ्वी की एक अंडाकार कक्षा में पहुंचा दिया। चंद्रयान-2 भारत का चांद पर दूसरा मिशन है। इसमें पूरी तरह से स्वदेशी ऑर्बिटर, लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) का इस्तेमाल किया गया है। रोवर प्रज्ञान विक्रम लैंडर के अंदर स्थित है। चंद्रयान-2 मिशन का उद्देश्य महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी को विकसित करना और इसका प्रदर्शन करना है। इसमें चांद मिशन क्षमता, चांद पर सॉफ्ट-लैंडिंग और चांद की सतह पर चलना शामिल हैं। विज्ञान के संबंध में यह मिशन चांद के बारे में हमारे ज्ञान को बढ़ाएगा। चांद की भौगोलिक स्थिति, खनिज, सतह की रासायनिक संरचना, ताप-भौगोलिक गुण तथा परिमण्डल के अध्ययन से चांद की उत्पत्ति और विकास की समझ बेहतर होगी।
उपेंद्र सिंह रावत पनामा गणराज्य में भारत के अगले राजदूत नियुक्त
श्री उपेंद्र सिंह रावत को पनामा गणराज्य में भारत के अगले राजदूत के रूप में नियुक्त किया गया है। श्री उपेंद्र सिंह रावत 1998 बैच के आईएफएस अधिकारी हैं।
मानव अधिकार संरक्षण (संशोधन) विधेयक 2019 राज्य सभा में भी सर्वसम्मति से पारित
मानव अधिकार संरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2019 राज्य सभा में भी सर्वसम्मति से पारित हो गया। मानव अधिकार संरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2019 के तहत भारत के मुख्य न्यायमूर्ति के अतिरिक्त किसी ऐसे व्यक्ति, जो उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश रहा है, को भी आयोग के अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति हेतु पात्र बनाया जा सके। आयोग के सदस्यों की संख्या को दो से बढ़ाकर तीन किया जा सके, जिनमें से एक महिला होगी। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष और दिव्यांगजनों सम्बन्धी मुख्य आयुक्त को आयोग के सदस्यों के रूप में सम्मिलित किया जा सकेगा। आयोग और राज्य आयोगों के अध्यक्षों और सदस्यों की पदावधि को पांच वर्ष से कम करके तीन वर्ष किया जा सके और वे पुनर्नियुक्ति के लिए पात्र होंगे। दिल्ली संघ राज्यक्षेत्र से भिन्न अन्य संघ राज्य क्षेत्रों द्वारा निर्वहन किए जा रहे मानव अधिकारों सम्बन्धी मामलों को राज्य आयोगों को प्रदत्त किया जा सके, दिल्ली संघ राज्यक्षेत्र के सम्बन्ध में आयोग द्वारा कार्यवाही की जाएगी।
रविंदर कुमार मलिक ने जीता मिस्टर साउथ एशिया का खिताब
नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित 12वीं दक्षिण एशियाई बॉडीबिल्डिंग और फिजिक स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप में भारतीय बॉडी बिल्डर रविंदर कुमार मलिक ने मिस्टर साउथ एशिया का खिताब जीत लिया है।
जापान की अकाने यामागुची ने जीता इंडोनेशिया ओपन
जापान की अकाने यामागुची ने इंडोनेशिया ओपन के फाइनल मे भारत की पी वी सिंधू को 21-15, 21-16 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है।
अर्जुन भाटी ने जूनियर वर्ल्ड गोल्फ चैंपियनशिप जीती
भारत के ग्रेटर नॉएडा उत्तर प्रदेश के 14 वर्षीय अर्जुन भाटी ने ताइवान की जेरेमी चेन को हराकर कैलिफोर्निया में एफसीजी कालवे जूनियर विश्व गोल्फ चैंपियनशिप-2019 का खिताब जीत लिया है। उन्होंने तीन दिन के फाइनल में कुल 199 स्कोर बनाया। चेन दूसरे स्थान पर रहे जबकि न्यू जीलैंड के जोशुआ बाइ ने तीसरा स्थान हासिल किया। उनका स्कोर क्रमश: 202 और 207 रहा।
Leave a Reply