Current Affair 12th June 2019
लापता एएन-32 विमान के मलबे का पता चला
3 जून, 2019 को एयरफोर्स स्टेशन, जोरहाट, असम से उड़ान भरने के बाद भारतीय वायु सेना का विमान एएन-32 लापता हो गया था। खोज अभियान में लगे भारतीय वायु सेना के एमआई-17 द्वारा लगभग 12000 फीट की ऊंचाई पर टाटो के उत्तर-पूर्व, लीपो के 16 किलोमीटर उत्तर में विमान के मलबे को देखा गया। अब विमान में सवार लोगों की स्थिति और बचे हुए लोगों के बारे में पता लगाने के लिए प्रयास किया जा रहा है।
समुद्रीय सूचना साझाकरण कार्यशाला 2019 का आयोजन
समुद्रीय सूचना साझा करने के क्षेत्र में सर्वोत्तम प्रक्रियाओं को साझा करने में मदद प्रदान करने और आईओआर में हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्रीय सुरक्षा चुनौतियों को बेहतर तरीके से समझने के लिए भारतीय नौसेना आईएफसी-आईओआर में 12 से 13 जून, 2019 तक समुद्रीय सूचना साझाकरण कार्यशाला (एमआईएसडब्ल्यू) की मेजबानी कर रही है। लगभग 30 देशों के 50 से अधिक प्रतिनिधि इस कार्यशाला में भागीदारी करेंगे। इस कार्यशाला में भागीदार देशों के विषय वस्तु विशेषज्ञों द्वारा समुद्री डकैती, मानव और मादक पदार्थों की तस्करी तथा इन चुनौतियों से निपटने के लिए कानूनी पहलुओं के बारे में संवादमूलक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यशाला में सूचना साझा करने का अभ्यास भी आयोजित किए जाएगा। भारतीय नौसेना के उप-प्रमुख इस कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे।
गुजरात तट के लिए चक्रवाती ‘वायु’ की चेतावनी
पूर्वमध्य और पड़ोसी दक्षिण पूर्व अरब सागर तथा लक्षद्वीप क्षेत्र के ऊपर कल बना हवा का भारी दबाव उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ते हुए भारतीय समय के अनुसार 2330 बजे, 10 जून को चक्रवाती तूफान ‘वायु’ में बदल गया।इसके बाद आज 11 जून, 2019 को उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा, थोड़ा तेज हुआ और गोवा के 340 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम, मुम्बई (महाराष्ट्र) के 490 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम और वेरावल (गुजरात) के 630 किलोमीटर लगभग दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में अक्षांश 15.2 डिग्री उत्तर तथा देशान्तर 70.6 डिग्री पूर्व में केन्द्रित रहा। अगले 12 घंटों में चक्रवाती तूफान के और तेज होने की संभावना है। चक्रवाती तूफान के उत्तर की ओर बढ़ने तथा 13 जून, 2019 को तड़के वेरावल और दीव क्षेत्र के आसपास पोरबंदर तथा महुआ के बीच गुजरात तट को पार कर 110-120 किलोमीटर की रफ्तार से बढ़कर 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भारी चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।
जी-7 के आउटरीच सेशन में भारत आमंत्रित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के बियारित्ज में होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में विशेष आमंत्रित के तौर पर हिस्सा लेने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। जी7 समूह के देशों का 45वां सम्मेलन फ्रांस के बियारित्ज में 24 से 26 अगस्त तक आयोजित होगा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जी20 के सदस्य देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक को संबोधित किया
जापान के फुकुओका में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जी20 के सदस्य देशों के वित्त मंत्रियों तथा केंद्रीय बैंकों के गर्वनरों की चल रही दो दिवसीय बैठक को संबोधित किया। भारत ने अपील की है कि अगर डिजिटल कंपनी किसी देश में ‘महत्वपूर्ण आर्थिक उपस्थिति रखती है तो उसे वहां कमाए गए मुनाफे पर वहीं कर चुकाना चाहिए। वित्तमंत्री ने अर्थव्यवस्था के डिजिटलीकरण से उभर रही कर चुनौतियों का जिक्र किया। और वैश्विक चालू खाते के असंतुलन पर कड़ी नजर रखने की जरूरत को भी रेखांकित किया। उन्होंने जी20 देशों से अंतरराष्ट्रीय कच्चा तेल बाजार के उथल-पुथल के प्रति भी सजग रहने की अपील की।
अभिनेता गिरीश कर्नाड का निधन
प्रख्यात नाटककार, अभिनेता, निर्देशक एवं ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित गिरीश कर्नाड का लंबी बीमारी के बाद उनके आवास पर निधन हो गया। वे 81 साल के थे। मौत की वजह मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर बताई गई है। उन्हें भारत के जाने-माने समकालीन लेखक, अभिनेता, फिल्म निर्देशक और नाटककार के तौर पर जाना जाता था। गिरीश यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में प्रोफेसर भी रहे। वे पद्म भूषण, पद्मश्री और ज्ञानपीठ पुरस्कार से नवाजे गए। 1978 में आई फिल्म ‘भूमिका’ के लिए नेशनल अवॉर्ड और इसके बाद चार फिल्मफेयर अवार्ड भी मिले।
गुजरात में दिखी दुनिया की सबसे छोटी बिल्ली
गुजरात के बनासकांठा जिले के जैसोर वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में दुनिया की सबसे छोटी और दुर्लभ बिल्ली दिखाई दी है। पिछले दशक में यह गुजरात में दूसरी बार दिखाई दी है। इससे पहले यह 2013 में कच्छ के इलाके में दिखाई दी थी। इसका नाम ‘रस्टी स्पोटेड कैट’ है। इसे राती बिल्ली भी कहा जाता है। भूरे फर पर लाल धब्बों और बादामी लाइनों वाली इन बिल्ल्यिों के शरीर का बीच का हिस्सा सफेद होता है। साथ ही इस पर बड़े गहरे धब्बे होते हैं। इनकी लंबाई 35 से 48 सेंटीमीटर तक होती है। पूंछ की लंबाई लगभग 15 से 25 सेंटीमीटर तक होती है।
नाटो सेना के सबसे बड़े युद्धाभ्यास का आयोजन
अमेरिका और 18 यूरोपीय देशों ने बाल्टिक सागर में सबसे बड़ा युद्धाभ्यास प्रारंभ कर दिया है। इसमें करीब 8600 जवान और 50 जहाज शामिल हो रहे हैं। नाटो सदस्य देशों के ये जवान 50 सबमरीन और 40 एयरक्राफ्ट भी लेकर आए हैं। यह अभ्यास 47वीं बार आयोजित हो रहा है और 21 जून तक चलेगा। प्रशिक्षण के दौरान समुद्र की खानों और पनडुब्बियों को नष्ट करना, एयर डिफेंस और तट पर सैनिकों को उतारना जैसी चीजें सिखाई जाएंगी।
Leave a Reply